दुनिया भर में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या अब 22 लाख 90 हज़ार से अधिक हो चुकी है जिनमें 1 लाख 58 हज़ार की मौत हो गई और 5 लाख 86 हज़ार संक्रमित ठीक हो गए।
इस बीच ट्रम्प ने शनिवार को कहा कि अगर साबित हो गया कि कोरोना महामारी चीन ने जान बूझ कर फैलाई है तो उसे सज़ा दी जाएगी। ट्रम्प ने कहा कि अगर ग़लती से यह हुआ तो ग़लती तो ग़लती होती है लेकिन अगर जान बूझ कर यह किया है तो निश्चित रूप से इसका ख़मियाज़ा भुगतना पड़ेगा।
ट्रम्प ने इसके साथ ही कहा कि चीन ने मरने वालों की संख्या छिपाई है। उन्होंने कहा कि चीन ने जो संख्या बताई है उस पर कौन विश्वास कर सकता है? चीन ने शुक्रवार को संख्या में सुधार करते हुए घोषणा की कि वुहान में 1300 अन्य लोग भी कोरोना से हताहत हुए थे लेकिन चूंकि यह मौतें अस्पतालों में नहीं हुई थीं इसलिए उन्हें गिनती में शामिल नहीं किया जा सका था।
दूसरी ओर इटली से सूचना आई है कि शनिवार को कोरोना से मरने वालों की संख्या 482 थी जबकि 3490 नए मामले सामने आए थे। इससे एक दिन पहले इटली में 575 मौतें हुई थीं और 3493 नए मामले सामने आए थे।
इतालवी अधिकारी कहते हैं कि अब हालात धीरे धीरे बेहतर हो रहे हैं। इटली में अब तक 23 हज़ार से अधिक मौतें हो चुकी हैं जबकि संक्रमितों की कुल संख्या लगभग एक लाख 76 हज़ार है।
इटली की तरह न्यूयार्क में भी कोरोना से होने वाली मौतों की दर में गिरावट आई है। शनिवार को न्यूयार्क में कोरोना से 540 मौतें हुईं। यह पिछले दो सप्ताह में एक दिन में होने वाली सबसे कम मौतें हैं। न्यूयार्क के गवर्नर एंड्र्यू कूमो ने बताया कि शनिवार को न्यूयार्क में 2000 से अधिक नए मामले सामने आए। उन्होंने कहा कि संख्या को देखते हुए लगता है कि न्यूयार्क महामारी के चरम बिंदु को पार कर चुका है और अब गिरावट आ रही है।
वैसे अमरीका में कोरोना से मरने वालों की संख्या 37 हज़ार से अधिक हो चुकी है और 7 लाख 6832 लोग संक्रमित हैं। अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि हम चरम बिंदु को शायद पार कर चुके हैं और अनुमान है कि कोरोना से 60 से 65 हज़ार तक मौतें होंगी।
ट्रम्प ने इसके साथ ही कई राज्यों में लाक डाउन के ख़िलाफ़ हो रहे प्रदर्शनों का समर्थन किया। उन्होंने ट्वीट किया कि मिनेसोटा, मिशिगन औ वरजीनिया को आज़ाद करा लो।
इन राज्यों में डेमोक्रेटिक पार्टी के गवर्नर हैं।
इस बीच तुर्की में संक्रमितों की संख्या बहुत तेज़ी से बढ़ी है और यह 82 हज़ार से अधिक हो गई है। तुर्की में शनिवार को 3783 नए मामले सामने आए। तुर्की में कोरोना से मरने वालों की संख्या 1890 हो गई है।
ईरान ने कोरोना के प्रसार पर नियंत्रण कर लिया है जिसके बाद अब खाने पीने की चीज़ों और दवाओं के अलावा दूसरी चीज़ों की दुकानें भी खुलने लगी हैं। प्रशासन की ओर से सामाजिक दूरी और अन्य सावधानी बरतने के निर्देश के साथ कहा गया है कि आर्थिक गतिविधियां धीरे धीरे शुरू की जा सकती हैं।